
जमशेदपुर : कृषि बिल 2020 को लेकर देशभर में किसानों के समर्थन में आवाज मुखर हो रहे हैं. लगभग ढाई महीने से भी अधिक समय से इस बिल के विरोध में किसान संगठन दिल्ली यूपी बॉर्डर पर धरने पर जमे हुए हैं. लगातार किसान संगठनों की सरकार से वार्ताएं हो रही है, कई दौर की वार्ता के बाद भी अब तक नतीजा सिफर ही रहा है. वैसे किसानों के इस आंदोलन को देश भर के 22 से भी अधिक राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है. इधर शनिवार को जमशेदपुर के मानगो से लेकर जिला मुख्यालय तक केंद्र सरकार के विरोध में झामुमो ने पदयात्रा कर केंद्र सरकार के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया. इसके अलावा लगातार बढ़ती महंगाई पर भी झामुमो ने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया है. इस विरोध यात्रा में झामुमो के जमशेदपुर के सभी विधायक और बड़े नेता मौजूद रहे. झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर किसानों के साथ वायदा खिलाफी का आरोप लगाया है. इन्होंने अविलंब कृषि बिल 2020 वापस लिए जाने की मांग की है.















