
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद के कर्मचारी गोपाल मुखी पर पुरानी बस्ती रोड निवासी मोहम्मद अशफाक और उसके सहयोगियों ने सांप को मारने से रोकने के बाद जान मारने की नीयत से हमला कर दिया. इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मुखी समाज के मुखिया हरिजन बस्ती पुरानी बस्ती रोड निवासी मदन मुखी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया. जुगसलाई थाना प्रभारी कुणाल कुमार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. इसके बाद मामला शांत हुआ. दोनों पक्षों की ओर से थाना में लिखित शिकायत की गयी है. मामला सोमवार सुबह 8:30 बजे का है. घायल गोपाल मुखी ने बताया कि वह सोमवार सुबह में पुरानी बस्ती रोड में नाला की सफाई कर रहे थे. इसी बीच एक सांप निकल कर मोहम्मद अशफाक के घर घुस गया. परिवार के लोग जुट गए और सांप को मारने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस बात का सफाई कर्मी ने विरोध किया. कहा कि आज नागपंचमी है. सांप को ना मारें. वह सांप कहीं ले जाकर फेंक देगा. परंतु इन लोगों ने सफाई कर्मी की एक ना सुनी. परिवार के लोगों ने सांप को जान से मार दिया. इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और परिवार के लोग लाठी डंडा लोहे के रड से गोपाल मुखी पर जानलेवा हमला किया गया. वह जख्मी हो गया. इसके विरोध में दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना हो गयी. मारपीट में गोपाल और अशफाक भी जख्मी हो गया. दोनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में किया गया है. दोनों समुदाय के लोग थाना में जुट गए और एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग करने लगे. हमले में विश्वनाथ मुखी भी जख्मी हुआ है.











