
जमशेदपुर : जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के हुरलुंग पंचायत के अंतर्गत प्रकाश नगर के 3 हजार घरों में जुस्को पानी कनेक्शन देने के संबंध में शनिवार को विधायक मंगल कालिंदी ने जुस्को कंपनी के सीनियर जनरल मैनेजर कैप्टन मिश्रा से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से विधायक मंगल कालिंदी ने कैप्टन मिश्रा से कहा कि हुरलुंग पंचायत में प्रकाश नगर के 3 हजार घरों में पीने की पानी की विकट समस्या है. गर्मी के दिनों में यहां के निवासियों को पीने का पानी टैंकर से खरीदना पड़ता है, जबकि उक्त क्षेत्र के पास में ही जुस्को द्वारा पानी पाइप लाइन के माध्यम से अन्य स्थानों में पानी सप्लाई किया जा रहा है. जुस्को द्वारा पानी के लिए जो राशि निर्धारित की गई है वह उक्त क्षेत्र के निवासी देने को तैयार है. उन्होंने कहा कि उक्त क्षेत्र में जुस्को द्वारा पानी की सप्लाई देने का कष्ट किया जाए ताकि यहां के निवासियों को इस विकट समस्या से निजात मिल सके. वहीं दूसरी ओर यूसीआईएल कंपनी सीएसआर फंड से क्षेत्र में विकास कार्य कराने के संबंध में कंपनी के प्रबंधन से जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने मुलाकात की और क्षेत्र में विकास कार्य कराने के संबंध में एक सूची सौंपी. जिसमें ग्रामीण वैन पुनः शुरू करना, स्ट्रीट लाइट, आसपास के ग्राम में सोलर लाइट का निर्माण, व्यांगबिल पूडीहासा के सीमा रोड क्षेत्र में जलमिनार निर्माण, आसपास के 5 ग्राम में आदिवासी पारंपरिक वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने ( बाहा पर्व से पहले), मार्चा गोड़ा ग्राम में जाहेर थान की चारदिवारी का निर्माण, नील डूंगरी टाटा हाता मेन रोड से व्यांगबिल की सड़क एवं नाली निर्माण, व्यांगबिल पंचायत मंडप के समीप जलमीनार का मरम्मत कराने एवं अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द करवाने को लेकर सूची सौंपी.






