जमशेदपुर : विगत दिनों दर्दनाक घटना में जमशेदपुर के परसुडीह प्रमथनगर निवासी स्वगीर्य देवाशीष चौधरी एवं उनके पत्नी की मृत्यु हाइवा के साथ एक्सीडेंट होने से हुई थी. शनिवार को जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी ने उनके आवास पहुंच कर परिवार का ढांढस बंधाया और अपने वेतन के पैसे से 50 हजार की राशि का चेक सौंपा. साथ ही पिछले दिनों जेमको चौक में देर रात हुए सड़क हादसे में पिता कृष्णा शर्मा और पुत्री मनीषा शर्मा का दुखद निधन हो गया था. उनके बारीगोड़ा जनता रोड स्थित आवास पर जाकर विधायक मंगल कालिंदी ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. साथ ही अपने वेतन के पैसे से 50 हजार की राशि का चेक सौंपा और पीड़ित परिजन को हरसंभव सहायता देने का वादा किया. उन्होंने कहा कि जब भी उनकी जरूरत हो वह हर परिस्थिति में मदद करने को तत्पर मिलेंगे. मौके पर जिला परिषद सदस्य पूर्णिमा मल्लिक, मिथुन चक्रवर्ती, जितेंदर सिंह आदि उपस्थित थे.














