
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत स्टेशन रोड स्थित एबी पैलेस होटल में फायरिंग मामले में पुलिस मुख्य अभियुक्त टुनटुन सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है. इसके लिए पुलिस ने दो टीमें बनाई है जो की अलग अलग इलाकों में छापेमारी कर रही है. इधर पुलिस द्वारा आरोपी राजकुमार को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है. इस मामले में मृतक विक्रम सिंह के भाई अमर प्रताप सिंह के बयान पर टुनटुन सिंह समेत कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया था जिसमें टुनटुन सिंह, उसका बेटा अभिषेक सिंह, समधी राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह, अमर के चाचा शत्रुघ्न सिंह, चाची और उनके बेटे आकाश शामिल थे. हालांकि राजकुमार को पुलिस ने घटना के दिन ही टी एम एच से हिरासत में ले लिया था. (नीचे भी पढ़ें)
टुनटुन और उसके बेटे की गिरफ्तारी के बाद ही खुलेगा मामला
इधर पुलिस ने सभी प्रत्यक्षदर्शियों से उनका बयान ले लिया है. फिर भी जब तक मुख्य आरोपी टुनटुन और उसके बेटे की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक इस मामले का खुलासा नहीं हो पाएगा. इधर शिकायत के बाद अमर के चाचा शत्रुघ्न सिंह, चाची और चचेरा भाई आकाश भी फरार चल रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
घटनास्थल पर अब तक फोर्स तैनात
इधर घटना के बाद से ही इलाके में तनाव को देखते हुए क्यू आर टी तैनात कर दी गई थी. अब तक घटनास्थल के बाहर फोर्स को तैनात कर रखा गया है. ताकि कोई और घटना न हो सके. फिलहाल पुलिस ने टुनटुन के सभी बैंक अकाउंट को फ्रीज कर दिया है और टेक्निकल टीम भी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है. बता दे की रविवार देर शाम जुगसलाई के एबी पैलेस होटल में पैसों को लेकर बातचीत के दौरान टुनटुन सिंह ने गोली चला दी थी. गोली विक्रम सिंह को लगी थी. इलाज के दौरान टी एम एच में उसकी मौत हो गई थी.














