
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत कीताडीह निवासी वनरक्षी अनुराधा कुमारी के आत्महत्या करने के 40 दिन बीत जाने पर भी आरोपी मंगेतर को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है. इधर अनुराधा का परिवार न्याय के लिए दर दर भटक रहा है. बीते 1 अप्रैल को भी उन्होंने एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी. सोमवार को भी अनुराधा के भाई सतीश सिटी एसपी से मिलने पहुंचे और एक बार फिर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की. सतीश ने बताया कि 40 दिन बीत जाने पर भी पुलिस मंगेतर पर कार्रवाई नहीं कर रही है. जबकि वह खुलेआम घूम रहा है. बता दें कि 11 मार्च को मानगो वन विभाग में वनरक्षी के पद पर कार्यरत अनुराधा कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. अनुराधा की शादी 30 अप्रैल को पलामू के जपला निवासी संदीप प्रसाद से होनी थी. संदीप पर आरोप है कि वह अनुराधा पर नौकरी छोड़ने के लिए दबाव बना रहा था, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली.












