
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत तिस्ता रोड स्थित क्वार्टर नंबर 97,99 में अपनी पत्नी, दो बेटी और ट्युशन टीचर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक को तो जेल भेज दिया पर अभी भी पुलिस के सामने कई सारी बातें आनी बाकी हैं. इसके लिए पुलिस अनुसंधान कर रही है. इस मामले में पुलिस लगातार कई लोगों से पूछताछ भी कर रही है. इस मामले में पुलिस दीपक के बचपन से साथी प्रभु से थाने में पूछताछ कर रही है. मामले के संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि प्रभु से पूछताछ की जा रही है. अगर केस से संबंधित कोई भी साक्ष्य पुलिस को मिलते है तो प्रभु को जेल भेज दिया जाएगा. फिलहाल अभी तक प्रभु के खिलाफ कोई भी सबूत नहीं मिले हैं जिससे उसे जेल भेजा जा सके. उन्होंने बताया कि प्रभु द्वारा दीपक से धोखाधड़ी की गई थी जिससे परेशान होकर दीपक ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया है. जांच में बात सत्य होती है तो बेशक प्रभु को जेल भेज दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि अगर जरुरत पड़ी तो दीपक को रिमांड पर लेकर फिर से पूछताछ की जाएगी. बता दें कि 12 अप्रैल की सुबह टाटा स्टील में फायर फाइटर के पद पर कार्यरत दीपक कुमार ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपनी पत्नी, दो बच्चों और टीचर की बेरहमी से हत्या कर दी थी. वह अपने बचपन के साथी प्रभु और अपने बिजनेस पार्टनर रौशन को मारना चाहता था. घटना के चार दिन बाद पुलिस ने उसे धनबाद में उस वक्त गिरफ्तार किया था जब वह एचडीएफसी बैंक की हीरापुर शाखा में रुपये जमा करने पहुंचा था.














