जमशेदपुर : मेरे पति कन्हैया सिंह बेगुनाह हैं. उन्हें धोखे से फंसाया गया है. मैं सभी से गुजारिश करती हूं कि हमें न्याय दिलाने में मदद करें. यह कहना है कन्हैया सिंह की पत्नी सुषमा देवी का. उन्होंने आरोप लगाया कि बागबेड़ा थाना प्रभारी अक्सर उनके पति को क्षेत्र की विधि-व्यवस्था और अन्य मामलों की जानकारी लेने के लिए थाने बुलाते थे. इसी क्रम में 9 तारीख की सुबह करीब 11 बजे भी उनके पति को थाने बुलाया गया था. सुषमा देवी के मुताबिक, थाने में उनके पति से कई घंटों तक पूछताछ की गई. इसके बाद उन्हें बताया गया कि सीनियर अधिकारी आएंगे. लेकिन कुछ देर बाद उनके पति को सिल्वर रंग की बोलेरो गाड़ी में बैठाकर चांडिल थाना ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बाद में उनके पति को कपाली थाना में बंद कर दिया गया और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया. सुषमा देवी का दावा है कि उनके पति के पास से हथियार मिलने और उनके खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर कई सवाल हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. सुषमा देवी ने कहा कि उनके पति पिछले कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों से दूर रहकर सम्मानजनक जीवन जी रहे थे. अब उनका अपराध की दुनिया से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
सुषमा देवी ने आम लोगों, पत्रकारों और संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और उन्हें न्याय दिलाने में मदद करें. उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और उनके पति को न्याय मिलेगा.





