जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंगनगर में देर रात चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. स्वर्गीय गणेश शर्मा के घर में घुसे चोरों ने करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गए सामान में 5 मोबाइल फोन, सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि शामिल है. जानकारी के अनुसार, यह घटना रात 1:30 बजे से 4 बजे के बीच की है, जब परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में गहरी नींद में सोए हुए थे. इसी दौरान चोर बड़ी सफाई से घर में दाखिल हुए और अलमारी से कीमती सामान लेकर फरार हो गए. सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और चोरी का पता चला सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. ( नीचे देखें पूरी खबर )
स्वर्गीय गणेश शर्मा के पुत्र सुजीत शर्मा और रंजीत शर्मा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. इस वारदात से पूरे बजरंगनगर इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और घटना का खुलासा किया जाएगा.














