जमशेदपुर : झारखंड सरकार ने लॉक डाउन कर दिया है. इसका असर देखने को मिल रहा है. जहां जमशेदपुर की सड़कों पर अन्य दिनों की अपेक्षा कम ही गाड़ियां दिख रही है, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है. इसको लेकर कंपनियों और ट्रेड यूनियनों ने जरूर कदम उठाये है. इसके तहत कई सारे सख्त कदम भी उठाये गये है.

टाटा मोटर्स को 31 मार्च तक किया गया बंद, कर्मचारियों से सुरक्षित रहने की अपील
टाटा मोटर्स ने झारखंड सरकार के आदेश का हवाला देते हुए जमशेदपुर प्लांट को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया है. कोरोना वायरस को देखते हुए जारी किये गये इस नोटिस में कहा गया है कि 23 मार्च से 31 मार्च तक कंपनी में किसी तरह का कोई काम किसी विभाग में नहीं होगा. सिर्फ अनिवार्य सेवाओं को ही बहाल किया जायेगा. इसके बाद भी अगर जरूरत होगी या कोई जरूरी कदम उठाने की बात होगी तो मैनेजर के सहयोग से कर्मचारियों को फिर से सूचना दी जायेगी. इस दौरान कर्मचारियों को अपने घरों में ही रहने को कहा गया है और बाहर नहीं घुमने को कहा गया है ताकि वे लोग खुद सुरक्षित रह सके और किसी तरह का कोई खतरा समाज को भी नहीं हो. जो पदाधिकारी वर्क फ्राम होम यानी घर से काम कर रहे है, उनको घर से ही काम करने को कहा गया है.
टाटा मोटर्स अस्पताल में सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं ही बहाल
दूसरी ओर, टाटा मोटर्स अस्पताल में सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं को ही बहाल किया गया है. इमरजेंसी सेवाओं के तहत टाटा मोटर्स की ओर से कहा गया है कि रेगुलर चेक अप का काम अस्पताल में बंद रहेगा. अस्पताल में लगने वाली भीड़ को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है, जिसके तहत यह कहा गया है कि किसी तरह भी भीड़ नहीं लगे, इसको सुनिश्चित कराने और स्वास्थ्य कर्मियों के ही स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए इमरजेंसी सेवाओं को ही सिर्फ बहाल रखा जा सकता है.

टाटा वर्कर्स यूनियन का दफ्तर को अंतत: बंद किया गया, अध्यक्ष ने निकाला महामंत्री की तरह का ही नोटिस
टाटा वर्कर्स यूनियन में कोरोना वायरस को लेकर चल रही उठापटक की बीच अंतत: महामंत्री सतीश सिंह ने जो नोटिस चार दिनों पहले निकाला था, उसको ही फिर से निकाल दिया गया. इस बार अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने नोटिस निकाला है. सोमवार को जारी किये गये नोटिस में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा किये गये लॉक डाउन और जिला प्रशासन के आदेश के आलोक में यूनियन को अगले आदेश तक के लिए बंद किया जाता है. पहले यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह ने कोरोना वायरस को लेकर ही बंद करने का नोटिस निकाला था, जिसका विरोध करते हुए अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने यूनियन को खुलवा दिया था. इसके दूसरे दिन फिर से एक नोटिस निकाला था, जिसमें यह कहा था कि जो प्रशासन कहेगा, वह करेंगे. उसके बाद अब फिर से यूनियन कार्यालय को बंद ही करना पड़ा.

जुस्को श्रमिक यूनियन का चुनाव स्थगित, सारी प्रक्रिया जहां तक पूरी हुई, उसके बाद अगली तिथि पर होगा चुनाव
कोरोना वायरस को देखते हुए झारखंड सरकार द्वारा दिये गये आदेश के आलोक में जुस्को श्रमिक यूनियन के चुनाव को भी रोक दिया गया है. जुस्को श्रमिक यूनियन में चूंकि काफी भीड़ होने वाली है, इस कारण इसके चुनाव को रोक दिया गया है. इसके तहत चुनाव पदाधिकारी सीएस झा और अश्विनी माथन ने संयुक्त रुप से नोटिस निकाला है, जिसमें यह कहा गया है कि जुस्को श्रमिक यूनियन का चुनाव की सारी प्रक्रिया जहां तक पूरी हुई है, उसके बाद की सारी कार्रवाई को रोक दी गयी है. अगली कार्रवाई के बारे में सबको अवगत कराया जायेगा. इसको लेकर कंपनी की ओर से दबाव बनाया गया था और एमडी ने भी इसको रोकने की मांग की थी, जिसके बाद यह आदेश निर्गत किया गया. चुनाव की नयी तिथियों का ऐलान बाद में फिर से किया जायेगा.
टाटा स्टील के आदेश का इंतजार, सरकुलर अब तक नहीं
टाटा स्टील के आदेश का अब तक इंतजार किया जा रहा है. 13 हजार कर्मचारियों और करीब सात हजार अधिकारियों की बड़ी फौज टाटा स्टील में है. ऐसे में टाटा स्टील और अन्य सहयोगी कंपनियों के सरकुलर का इंतजार किया जा रहा है. वैसे टाटा स्टील के कई डिपार्टमेंट ऐसे है, जिसको पूरे तौर पर बंद नहीं किया जा सकता है. ऐसे में बीच का क्या रास्ता निकल सकता है, इसको लेकर कंपनियों की ओर से विचार किया जा रहा है. वैसे पहले से ही कंपनी की ओर से अधिकारियों के लिए वर्क फ्राम होम यानी घर से काम समेत कई अन्य काम किये जा चुके है. टाटा स्टील के कर्मचारियों को अब तक पूरी तरह आना बंद नहीं कराया गया है. सभी के आदेश का इंतजार किया जा रहा है.







