जमशेदपुर : जमशेदपुर हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी (एचएसजे) ने जुबिली पार्क के अंदर सोसाइटी कार्यालय के पीछे स्थित “मनभावन” कोर्टयार्ड गार्डन के उद्घाटन के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया. इस समारोह में टाटा स्टील कार्पोरेट सरिविसेज के उपाध्यक्ष डीबी सुंदररामम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, समारोह के आरंभ में एचएसजे की महासचिव डॉ अनुराधा महापात्र ने श्री सुंदररामम के साथ ही उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि मनभावन कोर्टयार्ड गार्डन को इस वर्ष के विश्व पर्यावरण दिवस की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण को पराजित करें’ के अनुरूप तैयार किया गया है. उद्घाटन समारोह में सोसाइटी के कई सम्मानित सदस्यों ने भी शिरकत की, जिनमें सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूपुर, उपाध्यक्ष प्रणय सिन्हा एवं अन्य कार्यकारी सदस्य शामिल रहे. अपने उद्घाटन भाषण में श्रीमती नूपुर ने जमशेदपुर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए सोसाइटी की ओर से किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने मुख्य अतिथि को पिछले वर्ष टाटा स्टील एवं टाटा स्टील यूआइएसएल के सहयोग से रोज गार्डन के विकास के साथ ही सोसाइटी की हाल की उपलब्धियों के बारे में भी जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति सोसाइटी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए इसमें टाटा स्टील एवं टाटा स्टील यूआइएसएल की ओर से निरंतर मिल रहे समर्थन के लिए उनका आभार जताया. इसके पश्चात नव विकसित उद्यान क्षेत्र में पौधा रोपण अभियान चलाया गया जिससे सोसाइटी के पारिस्थितिकी संरक्षण के प्रति समर्पण को और मजबूती मिली. (नीचे भी पढ़ें)

अपने समापन संबोधन में श्रीमती नूपुर ने सोसाइटी के दो अहम आगामी कार्यक्रमों की भी घोषणा की, जिनमें आगामी 28 दिसंबर से 1 जनवरी, 2026 तक गोपाल मैदान में आयोजित होनेवाला वार्षिक फ्लावर शो एवं अगले वर्ष 10-11 जनवरी को आयोजित होनेवाली गार्डन ऑफ द ईयर प्रतियोगिता शामिल हैं. इसके साथ ही उन्होंने आगामी सीजन के लिए फूलों के लिए रखे गए नमूनों की भी पुष्टि की, जिनमें बहुरूपी गुलाब, कोक्का सोनौ पिंक किस्म की जायंट गुलदाउदी एवं यलो स्पून किस्म के स्मॉल गुलदाउदी शामिल हैं. अश्विनी श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ.



