जमशेदपुर: मानगो नगर निगम परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया. समारोह में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया गया.समारोह का शुभारंभ महापौर सुधा गुप्ता द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ. इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया गया तथा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद महापौर सुधा गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके साथ राष्ट्रगान का गायन हुआ.(नीचे भी पढ़े)

ध्वजारोहण के उपरांत महापौर श्रीमती गुप्ता ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया. उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, विकास एवं जनसेवा के प्रति सभी को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संदेश दिया. उन्होंने मानगो नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी साझा की तथा शहर के विकास के लिए आगामी योजनाओं एवं प्रस्तावित कार्यों से भी उपस्थित लोगों को अवगत कराया. उन्होंने स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने का आह्वान किया.(नीचे भी पढ़े)

समारोह में अपर नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव, उप नगर आयुक्त विजय वर्मा, उप महापौर राहुल कश्यप, सहायक नगर आयुक्त अकीब जावेद एवं सहायक नगर आयुक्त चंदन कुमार एवं सम्मानित वार्ड पार्षद की गरिमामयी उपस्थिति रही. साथ ही मानगो नगर निगम के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण भी समारोह में उपस्थित रहे.इस अवसर पर महापौर, अपर नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, उप महापौर एवं सहायक नगर आयुक्तों द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. जनगणना कार्य से जुड़े लोगों एवं स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को उनके महत्वपूर्ण योगदान एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया.(नीचे भी पढ़े)

इस क्रम में विकास कुमार (सैनेटरी एंड फूड इंस्पेक्टर), श्रेयांश (आईईसी एक्सपर्ट), प्रह्लाद कुमार मिश्रा (कंप्यूटर ऑपरेटर), विनोद कुमार (कंप्यूटर ऑपरेटर) एवं अंशुमन कुमार (सफाई सुपरवाइजर) को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.जनगणना कार्य के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एपीजे अब्दुल कलाम स्कूल के मोहम्मद ताहिर, कार्यालय के विकास कुमार, विनोद कुमार ,अनिल कुमार यादव, प्रदीप कुमार बेदीया तथा मुनमुन त्रिपाठी को प्रशस्ति पत्र दिया गया.समारोह का संचालन मानगो नगर निगम के नगर प्रबंधक दिनेश्वर यादव द्वारा किया गया. उन्होंने कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन करते हुए समारोह को गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया. समारोह के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल करते हुए तिरंगे गुब्बारों को आसमान में उड़ाया गया. (नीचे भी पढ़े)

मानगो नगर निगम द्वारा आयोजित इस समारोह के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए स्वच्छ, सुंदर, विकसित एवं सशक्त शहर के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया.इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारी ,कर्मी ,अभियंता,गनमान्य लोग ,स्कूल के बच्चे आदि उपस्थित रहे.सभी के बीच मिठाई का वितरण किया गया.




