जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम स्थित जयपाल कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही मानगो पेयजल पेयजल आपूर्ति योजना की समस्या के समाधान की दिशा में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता के प्रयास से महत्वपूर्ण पहल हुई है. क्षेत्रवासियों को नियमित एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेयर ने संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय करते हुए समस्या के समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है. जयपाल कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्या को लेकर मेयर सुधा गुप्ता ने सबसे पहले उपायुक्त से वार्ता कर आवश्यक प्रक्रिया एवं अड़चनों के संबंध में जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की से भी बातचीत कर मामले को उनके संज्ञान में रखा. वार्ता के दौरान पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक एनओसी उपलब्ध कराने पर सहमति बनी, जिससे अब इस दिशा में आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ हुआ है. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि पानी प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और किसी भी क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
जयपाल कॉलोनी के लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्तर पर लगातार बातचीत की गई है. अधिकारियों एवं विभागीय स्तर पर आवश्यक समन्वय के बाद अब कार्य शुरू होने की दिशा में सकारात्मक प्रगति हुई है. उन्होंने कहा कि एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा. कार्य शुरू होने से जयपाल कॉलोनी के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी पेयजल आपूर्ति की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. मेयर ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. पेयजल, सड़क, नाली, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है. उन्होंने जयपाल कॉलोनी के स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त किया कि पेयजल आपूर्ति से संबंधित मामले में आवश्यक कार्रवाई को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर समस्या के स्थायी समाधान का प्रयास किया जाएगा. क्षेत्रवासियों ने भी पेयजल समस्या के समाधान के लिए मेयर सुधा गुप्ता द्वारा किए जा रहे प्रयासों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि एनओसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा और लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से लोगों को राहत मिलेगी.




