जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी शुरू करने की बात कही जा रही है. इसके लिए सिटी मैनेजर और कर्मचारियों को कमान सौंपी गई है. सफाई के ब्रांड एंबेसडर बनाए गए हैं. उनके साथ बैठक की जा रही है. लेकिन, यह सब कागज पर हो रहा है. धरातल पर नजारा कुछ और ही है. हर तरफ गंदगी फैली हुई है. न्यू पुरुलिया रोड, डिमना रोड और ओल्ड पुरुलिया रोड जवाहर नगर रोड नंबर 7 पर किनारे गंदगी के अंबार लगा हुआ हैं. सड़क से अंदर जाने पर मोहल्लों में स्थिति और बदतर है. जहां-तहां कचरे का ढेर लगा हुआ है. ऐसा लग रहा है कि कोई डंपिंग जोन में आ गया हो. सफाई के ठेकेदार सिर्फ नगर निगम से बिल काट कर पैसा वसूल रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
धरातल पर कोई सफाई नहीं दिख रही है. सफाई के नाम पर यहां वहां कुछ डस्टबिन रखी गई हैं. जिन से कचरा इकट्ठा कर बाहर ले जा कर फेंक देना यही सफाई कर्मियों का काम बचा है. ठेकेदार इसी को सफाई मान रहे हैं. मानगो की सड़कों पर झाड़ू लगना बंद हो चुका है. इलाके के लोगों का कहना है कि सफाई नहीं होने से क्षेत्र में बीमारी फैल रही है. तालाबों में गंदा पानी जमा हुआ है. तालाबों के सुंदरीकरण की तरफ मानगो नगर निगम बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा है. तेजाब तालाब गंदगी का वाहक बना हुआ है. आसपास के लोगों ने इसमें अपने सीवर खोल दिए हैं. नगर निगम का काम सिर्फ होल्डिंग टैक्स की वसूली तक सीमित रह गया है.



