जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या करने के मामले में सरायकेला खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की टीम ने संयुक्त रुप से इस मामले के मख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव के घर, दफ्तर समेत तमाम ठिकानों पर एक साथ छापामारी की है. पुलिस की टीम में बिष्टुपुर, साकची, सोनारी के अलावा सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना के प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस की टीम मौजूद थी. इस दौरान पुलिस ने राघव के कार्यालय में पहले छापामारी की. इसके बाद उसके खूंटाडीह स्थित आवास पर दबिश दी. बताया जाता है कि पुलिस ने घटना से संबंधित कई सारे दस्तावेज जब्त की है. इसके अलावा पुलिस ने वहां के कंप्यूटरों की भी तलाशी ली है. पुलिस की इस छापामारी के दौरान घरवालें और उनके साथ के लोग भी मौजूद थे. पुलिस की टीम ने इस मामले में ज्यादा कुछ जानकारी देने से इनकार किया. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि 24 अगस्त को जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल से निकलते वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस कांड में मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव पाये गये, जिसके बाद से उसको गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है. वहीं, इस मामले के दोनों शूटर पकड़े जा चुके है जबकि पूरे कांड में शामिल अशोक सिंह राघव समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब सारे सबूत जुटा रही है ताकि आरोपियों को सजा दिलायी जा सके. इस कड़ी में अभी भी पुलिस की टीम छापामारी कर रही है.




