जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घाघीडीह जेल में बंद कुख्यात अपराधी मनीष सिंह के करीबी अपराध कर्मी शैंकी गोहिल को गोलमुरी से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से एक महिंद्रा थार गाड़ी, तीन मोबाइल, दो एकरारनामा एवं हस्ताक्षरयुक्त 15 ब्लैंक चेक बरामद किया है. पुलिस के अनुसार वह आम लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से किसी की हत्या करने की योजना बना रहा था, लेकिन इसी बीच पुलिस ने उसे धर दबोचा. (नीचे भी पढ़ें)
नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीना ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर उक्त जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि घाघीडीह जेल में बंद कुख्यात अपराधी मनीष सिंह का करीबी अपराध कर्मी शैंकी गोहिल अन्य अपराधियों के साथ मिल कर अवैध उगाही एवं शहर में दहशत फैलाने के उद्देश्य से किसी की हत्या करने की योजना बना रहा है. इस सूचना के मद्देनजर सिटी एसपी के निर्देशन में लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी के नेतृत्व में गठित छापामार दल ने मामले की जांच शुरू की. टीम ने गोलमुरी क्षेत्र में छापामारी कर शैंकी गोहिल में को धर दबोचा. पुलिस ने उसके पास से एक महिंद्रा थार गाड़ी, तीन मोबाइल, दो एकरारनामा एवं हस्ताक्षर युक्त 15 ब्लैंक चेक भी बरामद किये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सिटी एसपी श्री मीना ने बताया कि गिरफ्तार शैंकी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया है कि वह मनीष सिंह गिरोप का सक्रिय सदस्य है और वह आपराधिक कृत्यों में शामिल होने, सहयोग करने के साथ ही आपराधिक कृत्यों में कमाये पैसों का सारा हिसाब-किताब रखता है. ज्ञात हो कि गिरोह का सरगना मनीष सिंह अपने दो सहयोगियों, दीपक सिंह एवं रौशन सिंह के साथ पहले से ही घाघीडीह जेल में बंद है. उन्होंने बताया कि शैंकी के खिलाफ सोनारी एवं गोलमुरी थानों में पहले से भी कई केस दर्ज हैं.







