जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में मंगलवार देर रात से सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग (एसी) सिस्टम बंद रहने के कारण मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. भीषण गर्मी और उमस के बीच आईसीयू, बर्न वार्ड समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में कूलिंग व्यवस्था ठप हो जाने से अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई. बताया जाता है कि अस्पताल में पानी की कमी के कारण सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम प्रभावित हो गया, जिससे कई वार्डों की एयर कंडीशनिंग व्यवस्था बंद हो गई. रात से लेकर बुधवार दोपहर तक मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
कई परिजन अपने मरीजों को राहत पहुंचाने के लिए हाथ से पंखा झलते नजर आए. सबसे अधिक परेशानी आईसीयू और बर्न वार्ड में भर्ती मरीजों को हुई. चिकित्सकीय दृष्टि से इन वार्डों में नियंत्रित तापमान बनाए रखना अत्यंत आवश्यक माना जाता है, क्योंकि यहां गंभीर अवस्था के मरीजों का इलाज होता है. विशेष रूप से बर्न वार्ड के मरीजों के लिए ठंडा और स्वच्छ वातावरण उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है. बुधवार सुबह से ही अस्पताल प्रशासन और कर्मचारी पानी की व्यवस्था बहाल करने के प्रयास में जुटे रहे. दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नगर निगम का पानी टैंकर अस्पताल पहुंचा, जिसके बाद स्थिति में सुधार शुरू हुआ. करीब एक बजे के बाद सेंट्रलाइज्ड एसी सिस्टम दोबारा चालू हो सका और मरीजों तथा उनके परिजनों ने राहत की सांस ली. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. उनका कहना है कि अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और गंभीर मरीजों के वार्डों में भी ऐसी समस्या स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी खामी को दर्शाती है. गौरतलब है कि एमजीएम अस्पताल में पानी संकट, उपकरणों की खराबी और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें सामने आ चुकी हैं. ताजा घटना ने एक बार फिर अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.







