जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा-सोनारी मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात करीब एक बजे दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक पर लदी कोल्ड ड्रिंक्स की सैकड़ों बोतलें सड़क पर बिखर गईं. दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तथा राहगीर सड़क पर फैली कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें और क्रेट उठाकर ले जाने लगे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. जानकारी के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक्स से लदा एक ट्रक आदित्यपुर से रांची की ओर जा रहा था. इसी दौरान मरीन ड्राइव पर विपरीत दिशा से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक जांच में सड़क के वन-वे होने के बावजूद गलत दिशा में वाहन आने को हादसे का कारण माना जा रहा है. टक्कर के बाद कोल्ड ड्रिंक्स लदे ट्रक का चालक केबिन में फंस गया और उसके पैर में गंभीर चोट आई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया. वहीं दूसरे ट्रक का चालक सुरक्षित बच गया. पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर भीड़ को हटाया और सुबह दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को जब्त कर थाने ले गई. मामले की जांच जारी है.







