जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी में शनिवार को एक बार फिर बदहाल व्यवस्था का मामला सामने आया. मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी 34 वर्षीय विक्की सिंह की शनिवार दोपहर करीब पौने तीन बजे मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद करीब 15 मिनट तक स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण विक्की को ऑटो में ही बैठाकर रखना पड़ा. बताया गया कि शुक्रवार रात से विक्की की तबीयत खराब थी. शनिवार को परिजन उसे ऑटो से लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर स्ट्रेचर नहीं मिलने के कारण काफी देर तक मरीज को ऑटो में ही रखा गया. परिजनों के अनुसार, करीब 40 मिनट तक स्ट्रेचर का इंतजार करने के बाद दो लोग उसे उठाकर अंदर ले गए. बाद में उसे चेयर पर बैठाकर इमरजेंसी तक ले जाया गया.चिकित्सकों ने जांच के बाद विक्की को मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़े)

रिश्तेदार शुभजीत सिंह ने अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यहां मरीजों को समय पर स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं हो पाता है. गंभीर मरीजों को परिजन खुद उठाकर अंदर ले जाने को मजबूर हैं. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से व्यवस्था में सुधार की मांग की.




