जमशेदपुर : आगामी बुधवार, 26 अगस्त को जश्न-ए-ईदमिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. इसी दिन 18वां मोतहदा जुलूस-ए-मोहम्मदी का भी आयोजन किया जाएगा. जुलूस मानगो गांधी मैदान से प्रारंभ होकर साकची गोलचक्कर, जुस्को ऑफिस गोल चक्कर होते हुए धातकीडीह सामुदायिक मैदान पहुंचकर संपन्न होगा. इस संबंध में तंजीम अहले सुन्नत व जमात की तीसरी बैठक मानगो में आयोजित हुई. इस बैठक में इंतजामिया के लोगों के साथ ही लौहनगरी के धार्मिक गुरुओं, मस्जिद के इमामो और बुद्धिजीवियों ने भारी तादाद में शिरकत की. बैठक में तंजीम के जनरल सेक्रेटरी मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी ने कहा है कि 18वां मोतहदा जुलूस-ए-मोहम्मदी मानगो गांधी मैदान से सुबह 8:30 बजे निकलेगा. साकची आमबगान मैदान में उलेमा ए कराम की तकरीर और दुआ होगी. आमबगान मैदान से जुलूस 12:00 बजे रवाना होकर साकची गोलचक्कर, स्ट्रेटमाइल रोड, जुस्को गोलचक्कर होते हुए धतकीडीह समुदायिक मैदान पहुंचेगा जहां उलेमा ए कराम की तकरीर और दुआ पर जुलूस का समापन 2:30 बजे दिन में होगा. (नीचे भी पढ़ें)

जुलूस के समापन के बाद 3:00 बजे दिन में मक्का मस्जिद में जोहर की नमाज की दूसरी जमाअत होगी. शहर में 18वां मोतहदा जुलूस-ए-मोहम्मदी भव्य रूप में निकाला जाएगा. उसके प्रबंधन और अनुशासन और जुलूस की सफलता के लिए मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं. तंजीम के मौलाना शमशाद उल कादरी ने कहा कि छोटे ट्रक एवं मोटरसाइकिल सवार लोग जुलूस के पीछे-पीछे चलेंगे. जुलूस को नियंत्रित करने के लिए धतकीडीह, जुगसलाई, आजादनगर में 500 से अधिक वॉलेंटियरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें सेफ्टी टी शर्ट और आइडी कार्ड प्रदान किया जाएगा. ये सभी लोग जुलूस के मार्गों पर दूसरों को तकलीफ नहीं हो, इसका ख्याल रखेंगे और साथ ही, यातायात व्यवस्था बहाल रखने में प्रशासन का सहयोग भी करेंगे. इस बैठक में मुख्य रूप से मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी, अल्हाज मुख्तार सफी, मौलाना बुरहानुल होदा, मौलाना शमशादुल कादरी, मौलाना कलीमुद्दीन मुजाहिदी, माजिद अख्तर, मौलाना महफूज, मौलाना सगीर आलम, कारी असलम रब्बानी, कारी रियाजुद्दीन, मौलाना मेहताब, मुफ्ती ओवैस रजा अजरी, मौलाना इनामुल हक फेजी, मौलाना गुलाम सिरानी सहित मस्जिदों के इमाम, अध्यक्ष, सदस्य, प्रमुख बुद्धिजीवी सहित समाज के बहुत से गणमान्य लोग उपस्थित थे.







