
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में 6 मार्च की रात को महिला के साथ हुए बलात्कार के मामले में एसएसपी अनूप बिरथरे द्वारा सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट के नेतृत्व में गठित की गई एसआईटी टीम ने शनिवार को घटना एमजीएम अस्पताल स्थित घटना स्थल का दौरा किया. इस दौरान सिटी एसपी ने वार्ड में जाकर मरीजों से पुछताछ की. साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला औऱ् अस्पताल के गार्ड को भी कई निर्देश दिए. सिटी एसपी के साथ डीएसपी अनुदीप सिंह, साकची थाना प्रभारी कुणाल कुमार और अस्पताल के पदाधिकारी मौजूद रहे. उन्होने अस्पताल के अन्य जगहों पर भी जाकर जांच की.
संदिग्ध की पहचान को जुटी पुलिस
पुलिस ने शुक्रवार को एक संदिंग्ध की पहचान की थी जो कि घटना के वक्त महिला वार्ड में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है. संदिग्ध रात 11 बजे वार्ड में घुसता है और सुबह के 4 बजे निकलता है. पुलिस को शक है कि उसी युवक ने महिला के साथ बलात्कार किया है. हालांकि पुलिस अब तक युवक की पहचान करने में नाकाम रही है. इधर पुलिस अब तक घटना के दिन वार्ड में मौजूद नीतू को भी नहीं खोज पाई है. जब तक पुलिस इन दोनों का पता नहीं लगा लेती तब तक पुलिस के हाथ खाली ही रहेंगे. वहीं इस मामले में कर्मचारियों का कहना है कि बीते कुछ महिनों से छायानगर निवासी कृष्णा मुखी नामक एक युवक अटेंडर का काम कर रहा था. घटना के बाद से वह भी फरार है. चुकिं वह रात को वार्ड का चक्कर लगाया करता था, हो सकता है उसी ने घटना को अंजाम दिया हो. ज्ञात हो कि 6 मार्च की रात को एमजीएम अस्पताल के महिला वार्ड में परसुडीह की एक महिला के साथ बलात्कार का मामला सामने आया था. खबर फैलने के बाद पुलिस ने महिला को खोज निकाला और महिला के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु की थी.














