जमशेदपुर : जमशेदपुर में एक बार फिर से बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण शहर का जनजीवन अस्त व्यस्त है. वहीं, ओडिशा में भारी बारिश के कारण वहां का खरकई और ब्यांगबिल डैम एक बार फिर से भर गया है. देर रात को दोनों डैम खोलने की सूचना दी गयी है. ओडिशा सरकार की ओर से जमशेदपुर प्रशासन को इसकी सूचना दी गयी है. ब्यांगबिल डैम के दो फाटक को अभी खोला जा रहा है, जहां से लगातार पानी आ रहा है. वहीं, खरकई डैम का भी दो फाटक खोला गया है, जहां से पानी आ रहा है. (नीचे देखे पूरी खबर)

इससे निचले इलाके में सुबह तक फिर से बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है. इसको लेकर लोगों को सतर्क भी किया जा रहा है. दूसरी ओर, मौसम विभाग ने एक राष्ट्रीय बुलेटिन जारी किया है. यह बताया गया है कि पश्चिम-मध्य तथा उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित गहन अवदाब, गत 06 घंटों के दौरान 7 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा तथा 23 सितम्बर को शाम 5.30 बजे पर, उसी क्षेत्र में उत्तर आंध्र प्रदेश तट के निकट, अक्षांश 18.1° उत्तर तथा देशांतर 84.0° पूर्व पर केन्द्रित था. यह कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से लगभग 30 किमी दक्षिण-दक्षिणपश्चिम, विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 90 किमी पूर्व-उत्तरपूर्व तथा गोपालपुर (ओडिशा) से 160 किमी दक्षिण-पश्चिम में स्थित था. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने तथा अगले 3 से 4 घंटों के दौरान विशाखापट्टनम एवं गोपालपुर के बीच, कलिंगपट्टनम के दक्षिण-पश्चिम के निकट, उत्तर आंध्र प्रदेश एवं उससे सटे दक्षिण ओडिशा तटों को पार करने की बहुत संभावना है.




