एमजीएम अस्पताल की बालकनी दुर्घटना पर विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य सरकार को ठहराया जिम्मेदार, घटनास्थल का किया दौरा, सभी घायलों से की मुलाकात
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा साहू ने कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को मेडिसिन वार्ड की दो मंजिलों की बालकनी गिरने की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस गंभीर हादसे के लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जिम्मेदार ठहराया है. घटना की जानकारी मिलते ही विधायक पूर्णिमा साहू ने अस्पताल का दौरा किया और हादसे में घायल हुए चार मरीजों से मुलाकात की. उन्होंने अस्पताल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट डॉ नकुल चौधरी से सभी घायलों, विशेष रूप से गंभीर रूप से घायल महिला को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति वार्ड में भर्ती नवप्रसूता महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन से कहा जबकि हादसे के बाद अस्पताल में दहशत का माहौल बना हुआ था और मरीजों में भय व्याप्त था. विधायक ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार और विशेषकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री महोदय भाजपा नेताओं पर टिप्पणी करने और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने में व्यस्त रहते हैं, जबकि अस्पतालों की स्थिति सुधारने और मरीजों को सुरक्षित माहौल में इलाज देने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं. हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री ने एमजीएम अस्पताल का दौरा किया था, लेकिन जर्जर भवनों की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया। यह उनकी जिम्मेदारी थी कि सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आए मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो, लेकिन यह घटना दर्शाती है कि झामुमो-कांग्रेस ने मरीजों को भगवान भरोसे छोड़ दिया है. अस्पताल के दौरे के दौरान विधायक ने भवनों की जर्जर स्थिति और गरीब मरीजों के इलाज को लेकर अस्पताल कर्मचारियों की उदासीनता पर गहरी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने देखा कि नर्सें और अन्य कर्मचारी अपने काम में लापरवाह दिखे और मरीजों की देखभाल के लिए कोई सजग नहीं था. श्रीमती साहू ने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, पीड़ितों को उचित मुआवजा दिया जाए और जिन अधिकारियों की लापरवाही से यह घटना हुई है उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाने की तत्काल आवश्यकता है.
घटना स्वास्थ्य विभाग की पोल खोलने वालीःसरयू राय
जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने एमजीएम अस्पताल के एक हिस्से का छज्जा गिर जाने और चार मरीजों के घायल होने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. श्री राय खुद घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे थे. इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक सरयू राय ने कहा कि शनिवार की यह घटना स्वास्थ्य विभाग की उपेक्षा की पोल खोलने वाली है. यह अस्पताल पूर्व स्वास्थ्य मंत्री के आवास के समीप है. उनका तो लगातार दौरा होता रहता था. बीच में यहां के उपायुक्त ने एक एडीएम को अस्पताल में सुधार का जिम्मा दिया था. श्री राय ने कहा कि प्रशासन एमजीएम की व्यवस्था को सुधार नहीं पा रहा है. भवन निर्माण जर्जर है. वह 8-9 साल से जर्जर भवन निर्माण के बारे में कहते आ रहा हैं. कई बार भवन निर्माण विभाग को भी तलब किया गया. सरयू राय ने कहा कि भवन के रख-रखाव की जिम्मेदारी तो भवन निर्माण विभाग की ही है. भवन निर्माण विभाग भवन की स्थिति की कैसे समीक्षा करता है और अस्पताल प्रबंधन को बताता है कि नहीं बताता है, इसकी जांच होनी चाहिए. श्री राय ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह आरोप-प्रत्यारोप का वक्त नहीं है लेकिन एमजीएम का जो नया भवन बन रहा है, वह नया भवन भी इस तरीके से बन रहा है कि अस्पताल भवन तैयार हो गया और पानी की व्यवस्था ही नहीं है. अस्पताल वहां शिफ्ट नहीं हो सकता। यह बदइंतजामी का शिकार होकर रह गया है. इसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन दोषी है.
एमजीएम अस्पताल की घटना पर जिला कांग्रेस ने जताई चिंता

एमजीएम अस्पताल में शनिवार को मेडिसिन वार्ड की दो मंजिला बालकनी गिरने की घटना के बाद पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे अस्पताल पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. उन्होंने घायलों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली तथा अस्पताल प्रबंधन व जिला प्रशासन से बात की. उन्होंने प्रशासन से घायल लोगों को बेहतर इलाज देने और हर संभव मदद पहुंचाने की मांग की. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव परविंदर सिंह प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश साहू, शिवनंदन सिंह शिबू जिला महासचिव संजय चौधरी प्रभात रंजन श्रीवास्तव एनएसयूआई अध्यक्ष सचिन कुमार सिंह समेत अन्य नेता शामिल थे. जिला अध्यक्ष आनंद विहार दुबे ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने उपायुक्त को राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. जल्द ही इस घटना की विस्तृत समीक्षा कर जरूरी सुरक्षा उपाय किए जाएंगे.




