जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आगामी 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस का आयोजन हमेशा की तरह व्यापक रक्तदान शिविर के साथ किया जा रहा है. रक्तदान महायज्ञ के रूप में आयोजित होने वाले इस रक्तदान शिविर से जमशेदपुर के रक्तदाताओं की संवेदना जुड़ी है, ताकि हर जरूरतमंद लोगों को गर्मी के दिनों में रक्त आसानी से उपलब्ध हो सके. उसी अनुरूप पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी ने प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रक्तदाताओं के लिए सभी तैयारियां की हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसके तहत ग्राउंड फ्लोर पर हमेशा की तरह कम्प्यूटराइज्ड रजिस्ट्रेशन के साथ, हीमोग्लोबिन जांच की सुविधा होगी, जिस कार्य में जमशेदपुर ब्लड सेंटर की टीम के साथ रेड क्रॉस कार्यकर्ता सहयोग करेंगे. बेसमेंट के रक्तदान हॉल में 24 बेड रक्तदान के लिए लगाये जायेंगे, जिससे रक्तदाता आसानी से रक्तदान कर सकेंगे. महिला डोनर्स के लिए विशेष दो बेड की व्यवस्था होगी, वहीं विशेष सेवा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के तुरत रक्तदान के लिए अलग से व्यवस्था रहेगी. रक्तदान से पूर्व एवं पश्चात रक्तदाता अपनी सुविधा के अनुसार रेड क्रॉस भवन में उपलब्ध जलपान की व्यवस्था में सत्तू, ग्लूकोज, इडली, पोहा, फ्रूट चाट का आनन्द ले सकेंगे, वहीं दोपहर 1 बजे से 3 बजे के बीच रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है. गर्मी को देखते हुए पानी, सत्तू एवं ग्लूकोज की सेवा पूरे रक्तदान शिविर के दौरान दी जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)

शाम के समय 4 से 5 बजे आने वाले रक्तदाताओं का स्वागत मीठा के रूप में खीर के साथ की जायेगी. सभी रक्तदाताओं को रक्तदान के तुरत बाद फ्रूट जूस एवं केक प्रदान किया जायेगा, साथ ही रक्तदाताओं के साइज के अनुरूप उन्हें रेड क्रॉस टी शर्ट उपहार में प्रदान किया जायेगा. पॉलीथिन हटाओं की मुहिम के साथ सभी रक्तदाताओं को एक आकर्षक रक्तदान से जुड़ा जूट बैग प्रदान किया जाएगा एवं गर्मी से बचाव के लिए टोपी प्रदान की जाएगी. रेड क्रॉस के मानद सचिव विजय कुमार सिंह एवं इस शिविर के संयोजक कृष्ण मुरारी गुप्ता ने सभी रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि वे बड़ी संख्या में रक्तदान शिविर में आकर रक्तदान करें व आने वाली गर्मी में किसी को भी रक्त की कमी न हो यह संकल्प लें. उन्होने कहा कि रेड क्रॉस दिवस हमेशा की तरह रक्तदान के उत्सव के रूप में आयोजित होगा, इस वर्ष रक्तदाता ही उत्सव का मुख्य कारण होंगे. वैसे रक्तदाता जिनका जन्म 8 मई को हुआ है और वे इस दिन यहां रक्तदान करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जाएगा. वैसे युवा जो यहां रक्तदान कर अपने रक्तदान की यात्रा शुरू करेंगे, यानि अपना पहला रक्तदान वे 8 मई रेड क्रॉस दिवस पर कर रहे हैं उन्हें सम्मानित किया जायेगा. वैसे परिवार जो अपने एक या अधिक परिजनों के साथ रक्तदान करेंगे उन्हें सम्मानित किया जायेगा. वैसे रक्तदाता जो इस रक्तदान शिविर में 25वां, 50वां, 75वां या 100वां रक्तदान करेंगे, उन्हें सम्मानित किया जायेगा. ग्रामीण क्षेत्र के संगठित रक्तदाताओं को उनकी संस्था के नाम से सम्मानित किया जायेगा. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने कहा कि यह रक्तदान शिविर उन हजारों जरूरतमंद लोगों के जीवन की आशा है जो गर्मी के दिनों में रक्त की कमी से परेशान होते हैं. उन्होंने सभी से आग्रह किया कि ईश्वर से आपको इस लायक बनाया है कि आप किसी का जीवन बचा सकते हैं तो रक्तदान करें और अगर रक्तदान नहीं कर सकते हैं तो युवाओं को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करें.












