
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना परिसर स्थित बाल कक्ष से चोरी का नाबालिग आरोपी फरार हो गया. उसके फरार होने की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूलने लगे. मामला सोमवार सुबह का बताया जा रहा है. हालांकि सूचना मिलने के बाद पुलिस उसे तलाश रही है. अभी तक पुलिस उसे नहीं ढूंढ पाई है. नाबालिग पर चोरी का आरोप है. 4 जनवरी को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के एक वाशिंग सेंटर में चोरी की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने आदित्यपुर निवासी मनसा यादव को जेल भेज दिया था. इसी मामले में पुलिस को पार्वती घाट के पास रहने वाले एक नाबालिग के चोरी में संलिप्त होने का पता चला था. पुलिस उसे पकड़कर बाल कक्ष में रखी हुई थी. बाल कक्ष की खिड़की टूटी हुई है, जिसका फायदा उठाकर नाबालिग वहां से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है.






