जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र से 13 साल की नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाए जाने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, घटना 3 सितंबर की सुबह 11 बजे की है. परिजन ने पहले अपनी स्तर से बच्ची की काफी खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर 5 सितंबर को मामला थाने तक पहुंचा मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले भुइयांडीह ह्यूम पाइप निवासी पिंटू अधिकारी (35) को आरोपी बनाया है. बताया जाता है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से जान-पहचान थी. (नीचे भी पढ़े)
इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने नाबालिग को अपने साथ भगा ले गया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब मामला थाने में दर्ज हुआ, उस वक्त आरोपी का मोबाइल फोन चालू था. लेकिन इसके बाद उसने फोन स्विच ऑफ कर दिया. इससे पुलिस की परेशानी बढ़ गई है. फिलहाल आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने के प्रयास जारी हैं. सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम गठित कर दी गई है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद कर लिया जाएगा. बरामदगी के बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा. पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी ज्यादा दिनों तक फरार नहीं रह पाएगा और शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होगा. वहीं, परिजन बच्ची की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.














