जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रिवर व्यू इंग्लिश स्कूल के बाहर से बुधवार को रहस्यमय तरीके से लापता हुई दो नाबालिग छात्राओं को चांडिल रेलवे स्टेशन पर टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस से रेस्क्यू कर लिया गया है. जीआरपी द्वारा दोनों बच्चियों को बरामद कर लिये जाने की सूचना दिये जाने के बाद दोनों के परिजन चांडिल पहुंच गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि धतकीडीह निवासी निदा (11 वर्ष) और शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 2 निवासी हबीबा (11 वर्ष) के गायब होने की खबर आने के बाद कपाली निवासी फैजुर रहमान उर्फ बबलू, जो उक्त ट्रेन से सफर कर रहे थे, ने ट्रेन में दोनों बच्चियों को देखा और इसकी सूचना अपने परिजनों को दी. परिजनों ने तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस ने तुरत रेल प्रशासन से संपर्क साधते हुए चांडिल में दोनों छात्राओं को सुरक्षित रेस्क्यू करा लिया. फिलहाल यह जांच का विषय है कि दोनों छात्राएं स्कूल से जम्मूतवी ट्रेन तक कैसे पहुंचीं. पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और शीघ्र ही इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा.











