
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के विंध्याचल में पूजा अर्चना की. इस दौरान वे परम पूज्य ब्रह्मवेता योगिराज श्री देवरहा हंस बाबा आश्रम भागदेवर गये. वहां राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत से सरयू राय की मुलाकात हुई है. काफी देर तक की बातचीत हुई है. यह बातचीत उनकी चर्चा बंटोर रही है. उनकी तस्वीरें वायरल हो रही है. वैसे हाल के दिनों में सरयू राय की भाजपा नेताओं के साथ नजदीकी सुर्खियां बनी हुई है. वे देवघर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, सांसद निशिकांत दुबे के साथ दिखे है. वहीं, पिछले दिनों जमशेदपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यक्रम में भाजपा के नेता और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ भी वे दिखे थे. इस कार्यक्रम में उनके धुर विरोधी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास भी शामिल थे. इस कार्यक्रम में भी वे भाजपा के नेताओं के साथ नजर आये थे. इसके अलावा कई मौके पर लगातार वे भाजपा के संपर्क में है. ऐसे में भाजपा से अलग होकर अपनी पार्टी बनाने वाले भारतीय जनतांत्रिक मोर्चा (भाजमो) के संस्थापक विधायक सरयू राय का कहीं भाजपा में जाना तो तय नहीं हो रहा है. या फिर भाजपा में पार्टी का विलय की तैयारी तो नहीं है. लगातार उनकी भाजपा नेताओं के साथ हो रही बैठकों को लेकर चर्चाएं तेज हो चुकी है. वैसे राजनीति में यह नहीं कहा जा सकता है कि कब कहां और कैसे कुछ हो जायेगा.







