जमशेदपुर : सिखों के दसवें गुरु श्री गुरुगोविंद सिंह जी के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर रविवार को लौहनगरी जमशेदपुर की सड़कें गुरु जी की भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर नजर आईं. गोलमुरी स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा से अरदास के बाद भव्य नगर कीर्तन की शुरुआत की गई. पंज प्यारों की अगुआई में निकला यह नगर कीर्तन शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए साकची गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर निकले विशाल नगर कीर्तन की भव्यता देखते ही बन रही थी. इसमें सिख समाज के हजारों महिलृपुरुषों और बुजुर्गों के साथ-साथ बड़ी संख्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ शिरकत की. स्कूली बच्चों के बैंड और पारंपरिक वेशभूषा में सजे गतका दल ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का खूब मनोरंजन किया. पूरे नगर कीर्तन के दौरान नगर का वातावरण ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के नारों से गुंजायमान होता रहा. (नीचे भी पढ़ें)

गुरु गोविन्द सिंह जी के प्रकाशोत्सव पर आयोजित इस धार्मिक समागम में समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली. इस दौरान रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों के बीच फल, जूस, बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया. कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर पालकी साहिब का स्वागत किया गया. नगर कीर्तन के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस बल की तैनाती मुस्तैद रही. रूट पर यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो. सेवादारों की टोली भी सड़क की सफाई और व्यवस्था बनाये रखने में जुटी रही. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, जिला प्रशासन की ओर से भी नगर कीर्तन के दौरान व्यवस्था बनाये रखने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी. जिला प्रशासन की ओर से इस अवसर के लिए पहले ही नो एंट्री घोषित कर नगर के अंदर बड़े कॉमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी. नगर कीर्तन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए भी व्यापक स्तर पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
नगर कीर्तन आयोजन समिति के पदाधिकारी सरदार गुरप्रीत सिंह ने बताया कि नगर में पहली बार रिफ्यूजी कॉलोनी गुरुद्वारा को नगर कीर्तन की सेवा मिली है. उन्होंने बताया कि सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों एवं समाज के आम लोगों के सहयोग से यह भव्य नगर कीर्तन आयोजित हो रहा है. उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी का आभार जताया एवं उन्हें बधाई दी.















