जमशेदपुर : नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के आदेश के बाद इको सेंसेटिव जोन दलमा के आसपास के क्षेत्र में किये गये निर्माण कार्यों की जांच पूरी कर ली गयी है. इस मामले में 906 लोगों को नोटिस दी गयी थी, जिसमें से 650 मकानों और निर्माण को इसके दायरे में पाया गया है. इन्हें शिफ्ट करने या हटाने की कार्रवाई की जा सकती है. हालांकि इसको लेकर वन विभाग या एनजीटी के आदेश के बाद गठित समिति के लोगों ने कोई जानकारी देने से इनकार किया है. कहा है कि अभी इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता है. दलमा वन्यजीव अभयारण्य के इको सेंसेटिव जोन (इएसजेड) के दायरे में 522.98 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र आता है. (नीचे भी पढ़ें)
इसमें पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा, जमशेदपुर व गोलमुरी प्रखंड और सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल और नीमडीह प्रखंड के 136 गांव शामिल हैं. दलमा के इको सेंसेटिव जोन में नियमों का उल्लंघन कर 906 लोगों ने निर्माण कार्य किये हैं. इन सबको तीन नोटिस भेजी जा चुकी है. 906 में से कई लोग हाजिर हुए, लेकिन कई हाजिर नहीं हुए. ऐसे लोगों के खिलाफ अब एकतरफा कार्रवाई करने की तैयारी है. (नीचे भी पढ़ें)
2012 के बाद से लेकर आज तक के सारे निर्माण कार्य की जांच की गयी है, जिनका 2012 के पहले का निर्माण है, उसको राहत मिलेगी, लेकिन 2012 के बाद जिन लोगों ने इको सेंसेटिव जोन में काम किया है, उनके ऊपर कार्रवाई की जा सकती है. इसके तहत कई मकान मालिक और कारोबारी इसके दायरे में आयेंगे. डिमना, बालीगुमा, कांदरबेड़ा, मिर्जाडीह और पारडीह इलाकों के कई निर्माण कार्य हैं, जो इको सेंसेटिव जोन में प्रतिबंधित है. इनमें से ज्यादातर आसनबनी और शहरबेड़ा इलाके के मकान या निर्माण हैं.














