जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव को एमजीएम अस्पताल से सीधे सरायकेला जेल भेज दिया गया है. अशोक सिंह राघव 12 सितंबर से सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत था. सदर अस्पताल से उसको मेडिकल बोर्ड ने जांच करने के बाद एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया था. लेकिन एमजीएम अस्पताल में जब जांच की गयी तो यह पाया गया कि उसको अस्पताल में रखने की जरूरत ही नहीं है. इसके बाद उसको वहां से सीधे सरायकेला जेल भेज दिया गया. इस पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद सरायकेला खरसावां जिले के उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिये है. इस मामले में सरायकेला जेल के डॉक्टर की भूमिका पर संदेह जताया गया है, जिसने बिना किसी ठोस वजह के पहले सरायकेला सदर अस्पताल में उसको भेज दिया. इसके बाद सदर अस्पताल से फिर से उसको एमजीएम अस्पताल भेज दिया. इसकी उच्चस्तरीय जांच होगी कि राघव कैसे जेल में रहने के बजाय अस्पताल में इतने दिनों तक रह गया. करीब दस दिनों तक राघव जेल में रहा. इसमें जेल चिकित्सक और जेल प्रशासन की भूमिका पर ही सवाल उठे है, जिसकी जांच करने को कहा गया है.




