जमशेदपुर : झारखंड आंदोलन के अग्रणी नायकों में शुमार अमर शहीद निर्मल महतो की आज 72वीं जयंती मनाई जा रही है. इस मौके पर कदमा के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो समाधि स्थल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी मत्था टेका और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की. मौके पर परिवहन मंत्री चंपई सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर महंती, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार सहित पार्टी के तमाम वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.(नीचे भी पढ़ें)

इससे पूर्व जयंती समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोनारी एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. वहां से मुख्यमंत्री सीधे कदमा के उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो समाधि स्थल पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उसके बाद वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आज के दिन को झारखंड वासिय़ों के लिए बेहद अहम दिन बताया. उन्होंने कहा कि निर्मल दा जैसे अमर शहीदों की वजह से ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हुआ. मगर साजिश के तहत पिछले 20 सालों से झारखंड को लूटा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि 5 फीसदी आबादी यहां की 90 फीसदी आबादी पर भारी पड़ रही है और यहां के जल-जंगल-जमीन का दोहन कर रही है. उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में किसी कीमत पर वन अधिकार कानून को लागू नहीं होने दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि देश के सरकारी संस्थानों को बेचकर जैसे अमीरों को अमीर एवं गरीबों को और गरीब बनाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, झारखंड में ऐसा कतई नहीं होने दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि राज्य के ही कुछ लोग केंद्र सरकार के इशारे पर नाच रहे हैं, जिसके कारण ओबीसी आरक्षण बिल, सरना धर्म कोड और 1932 के खतियान आधारित नीति को अस्तित्व में लाने में रोड़े अटकाये जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक वे सत्ता पर काबिज हैं, इसे हर हाल में अमली जामा पहनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को चिंता करने की जरूरत नहीं है. उनकी सरकार ऐसी नीतियां ला रही है जिससे यहां के युवाओं को रोजगार के दूसरे विकल्प मिल सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए काम कर रही है. केंद्र सरकार झारखंड को अशांत करना चाहती है, मगर उनकी हर साजिश को वे यहां की जनता के सहयोग से नाकाम करेंगे. उन्होंने केंद्र सरकार एवं राज्य के विपक्ष पर एक के बाद एक कई तीखे हमले किये एवं कहा राज्य कि जनता एक-एक दर्द का हिसाब लेगी. इससे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, परिवहन मंत्री चंपई सोरेन एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने भी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.











