जमशेदपुर : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 में झारखंड के प्रथम स्थान पर रहने वाले स्वच्छ शहर का गौरव हासिल कर जमशेदपुर ने पूरे राज्य को गौरांवित किया है. यह सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया. यह उपलब्धि शहरी स्वच्छता, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने के लिए कई वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है. शहर में घर-घर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, सड़कों की सफाई, नालों की सफाई, सार्वजनिक स्वच्छता तथा नगर ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रसंस्करण को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया गया है. इस दिशा में कचरा संग्रहण एवं परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करना, जीपीएस-सक्षम वाहनों की तैनाती, क्यूआर कोड आधारित निगरानी, जीआईएस आधारित सेवा निगरानी, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी का विकास, कंपोस्टिंग एवं बायोमीथेनेशन सुविधाओं की स्थापना तथा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण जैसी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसके साथ ही कचरे के उत्पादन को कम करने, 3 आर सिद्धांतों (रिड्यूस, रियूज व रिसाइकिल), सर्कुलर इकोनॉमी की पहल तथा बड़े कचरा उत्पादकों द्वारा अपशिष्ट के जिम्मेदार प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है. इस पूरी प्रक्रिया में नागरिकों, स्कूलों, आवासीय सोसायटियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सामुदायिक संगठनों की निरंतर भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही है. जागरूकता अभियानों और व्यवहार परिवर्तन संबंधी पहलों के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया गया है. सफाई मित्रों एवं स्वच्छता टीमों का समर्पित योगदान, तकनीक आधारित निगरानी, कार्यों में अनुशासन और संस्थागत प्रतिबद्धता इस उपलब्धि के प्रमुख आधार रहे हैं. टाटा की संस्कृति और मूल्यों में निहित जमशेदपुर की स्वच्छता यात्रा नागरिकों, टाटा स्टील यूआइएसएल, नागरिक प्रशासन और अन्य हितधारकों के मजबूत सहयोग का प्रतिबिंब है. यह सम्मान केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और वर्षों के निरंतर प्रयासों का उत्सव है, जो शहर को स्वच्छ, स्वस्थ, हरित और सतत बनाने की दिशा में किए गए हैं. जमशेदपुर की यह उपलब्धि स्वच्छता को जीवनशैली बनाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है तथा झारखंड में शहरी स्वच्छता और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए एक नया मानदंड स्थापित करती है.












