जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत नामोटोला में पति द्वारा पत्नी की पहले हत्या करने और फिर पति के ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस मामले के मुख्य आरोपी विवेक पांडेय उर्फ लड्डू पांडेय को बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रोड नंबर 6 स्थित लोहा सिंह बागान से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. विवेक पांडेय, जो पहले से विवाहित है और दो बच्चों का पिता है, कई महिलाओं से अवैध संबंध रख चुका है. (नीचे भी पढ़े)
आरोप है कि वह युवतियों के साथ वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करता था और दूसरे मोबाइल से उनकी रिकॉर्डिंग कर लेता था. बाद में निजी वीडियो का डर दिखाकर उनसे पैसे और अन्य सामान वसूलता था और दबाव डालकर संबंध बनाता था. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से कई वीडियो, फोटो और लेन-देन से जुड़े सबूत बरामद किए हैं. विवेक पांडेय का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसका बड़ा भाई सेना से भगोड़ा घोषित हो चुका है और उस पर मारपीट व फायरिंग के मामले दर्ज हैं. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि और कितनी महिलाएं उसकी जाल में फंसी थीं. (नीचे भी पढ़े)
जानकारी के अनुसार मृतका शिल्पी मुखर्जी और आरोपी विवेक पांडेय पोटका स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे और करीब दो वर्षों से दोनों के बीच अवैध संबंध थे. बीती रात शिल्पी वीडियो कॉल पर विवेक से आपत्तिजनक बातचीत कर रही थी, तभी उसका पति अचानक घर लौट आया. घटना देखने के बाद विवाद इतना बढ़ा कि पति ने शिल्पी को पूरे फ्लैट में घसीटकर बेरहमी से पीटा और धारदार चाकू से उसके सिर और गले पर वार किया. इतना ही नहीं, ओखली से कई बार वार कर उसे लहूलुहान कर दिया. जब तक शिल्पी की मौत नहीं हो गई, आरोपी पति वहीं मौजूद रहा. इसके बाद उसने पूरी घटना को व्हाट्सऐप स्टेटस पर डालकर सुंदरनगर के कुदादा रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली.











