जमशेदपुर : फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर और विश्व प्रसिद्ध कैमरा निर्माता कंपनी निकॉन इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में जादूगोड़ा स्थित प्रसिद्ध रंकनी मंदिर परिसर के समीप एक दिवसीय ‘फोटो वॉक’ का सफल आयोजन किया गया. इस विशेष फोटो वॉक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय फोटोग्राफर बंधुओं को फोटोग्राफी की दुनिया में आ रहे आधुनिक तकनीकी बदलावों, नए कैमरों और अत्याधुनिक लेंसों की कार्यप्रणाली से रूबरू कराना था. कार्यक्रम में मुख्य मेंटर (प्रशिक्षक) के रूप में देश के जाने-माने फोटोग्राफी विशेषज्ञ जय कुमार जी उपस्थित थे. उन्होंने कार्यशाला के दौरान उपस्थित फोटोग्राफरों को प्रैक्टिकल डेमो देकर लाइटिंग, फ्रेमिंग और आधुनिक कैमरों के बारीक तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी. इस रचनात्मक और तकनीकी कार्यक्रम में फोटोग्राफर एसोसिएशन ऑफ जमशेदपुर की ओर से मुख्य रूप से आनंद सिंह (अध्यक्ष), दलजीत सिंह(महासचिव), कमलेश (सह अध्यक्ष), बलराम सरदार(सह सचिव), हरिनारायण (कार्यकारी सदस्य)एवं अभिमन्यु (पूर्व महासचिव)सहित जमशेदपुर और आस-पास के ग्रामीण इलाकों से आए 50 से अधिक ऊर्जावान फोटोग्राफरों ने हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
सभी प्रतिभागियों ने इस फोटोवॉक के माध्यम से न केवल नई तकनीक सीखी, बल्कि प्राकृतिक परिवेश में अपनी कला का प्रदर्शन भी किया. एसोसिएशन के महासचिव दलजीत सिंह ने बताया कि संस्था आगे भी ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के फोटोग्राफरों के कौशल विकास के लिए इस तरह के तकनीकी सत्रों और वर्कशॉप का आयोजन निकॉन इंडिया जैसी अग्रणी कंपनियों के साथ मिलकर करती रहेगी.




