
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से बीपी ऑयल मिल्स लिमिटेड सेल्स डीपो जमशेदपुर के संयोजन में आयोजित 595वें नेत्र शिविर का समापन सोमवार को नेत्र रोगियों के विदाई के साथ राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में सम्पन्न हो गया। ज्ञातव्य हो कि नेत्र शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ पूनम सिंह, डॉ विवेक केडिया तथा डॉ भारती शर्मा के द्वारा 30 नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया गया। आज नेत्र रोगियों के विदाई से पूर्व नेत्र चिकित्सक डॉ विवेक केडिया ने नेत्र रोगियों के आंखों की जांच किया, जिसके पश्चात नेत्र रोगियों को आवश्यक दवा व चश्मा के साथ आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि रेड क्रॉस का अगला नेत्र शिविर जमशेदपुर आर्य समाज ट्रस्ट के संयोजन में 16 से 18 जनवरी तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित किया जायेगा। (नीचे भी पढ़ें)

राजेश सतदेवे ने किया पांचवी बार प्लाज्मा डोनेशन
झारखंड में प्लाज्मा दाता के रूप में सोमवार को टाटा स्टील कर्मी राजेश सतदेवे ने एक नया कीर्तिमान रच दिया। झारखंड में अब तक कोई भी कोरोना से जीतकर चार बार ही प्लाज्मा दान करने में सक्षम हुए, लेकिन राजेश सतदेवे ने अपने शरीर में उपलब्ध एन्टीबॉडी के कारण आज जमशेदपुर ब्लड बैंक में पांचवी बार प्लाज्मा दान किया। श्री सतदेवे सितम्बर-2020 में कोरोना मुक्त हुए थे, जिसके बाद वे नियमित अन्तराल पर शरीर में उपलब्ध कोरोना के खिलाफ एन्टीबॉडी के कारण कोरोना मरीजों के लिए उपयोगी कॉन्वाल्सेन्ट प्लाज्मा दान कर रहे हैं। जिला के उपायुक्त सूरज कुमार द्वारा जिला प्रशासन, रेड क्रॉस व जमशेदपुर ब्लड बैंक के संयुक्त प्रयास से कोविड-19 मरीजों को प्लाज्मा उपलब्ध कराने का अभियान चलाया था, जिसके माध्यम से अब तक 226 बार प्लाज्मा दान हो चुका है, जो कि झारखंड में सबसे अधिक है। आज राजेश सतदेवे के प्लाज्मा दान के समय जिला में प्लाज्मा डोनेशन की नोडल पदाधिकारी स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, जिला औषधि नियंत्रक, रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, एसडीपी तथा प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी प्रभुनाथ सिंह, एसएनटीआई के सहायक प्रबंधक उदय प्रकाश सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे, जिन्होने श्री सतदेवे का उत्साह बढ़ाया तथा पीड़ित मानवता की सेवा के प्रति उनके जज्बे के प्रति सम्मान जताया। इस अवसर पर भारत सेवा फाउण्डेशन ट्रस्ट के ट्रस्टी कृष्णा भालोटिया ने प्लाज्मा दाता को संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया। ज्ञातव्य हो कि प्लाज्मा डोनेशन अभियान को प्रोत्साहन देने में रेड क्रॉस के पेट्रन कृष्णा भालोटिया अपनी संस्था भारत सेवा फाउण्डेशन ट्रस्ट की ओर से लगातार सक्रिय रहे हैं।






