जमशेदपुर : जमशेदपुर की उलीडीह पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां पुलिस ने विकास सिंह हत्याकांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. गिरफ्तार अभियुक्तों में उलीडीह आदिवासी क्लब के समीप का रहने वाला सूरज कुंटिया उर्फ साधु कुंटिया (24) और राजू कुम्भकार (31) शामिल है. दोनों के पास से एक लोहे का पाइप, धारदार चाकू, मच्छरदानी और खून लगा मिट्टी बरामद किया गया है. सोमवार को एसएसपी ने खुलासा करते हुए बताया कि दोनों ने बदले की भावना से विकास सिंह की हत्या की है. उन्होंने बताया कि 1 वर्ष पूर्व मृतक विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव एवं उसके साथियों ने मिलकर सौरभ शर्मा उर्फ पवन शर्मा की हत्या कुंवर सिंह विद्यालय में कर दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
उसी का बदला लेने के लिए सौरभ के मौसेरे भाई राजू कुम्भकार ने सूरज कुंटिया के साथ मिलकर विकास सिंह को 30 मई की संध्या करीब 9 बजे नशा करने के बहाने से उलीडीह बस्ती में एक झोपड़ीनुमान खंडहर घर में बुलाया और वहां पर लोहे के पाइप एवं धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दिया और शव को छुपाने के लिए मध्य रात्रि में शव को मच्छरदानी में लपेट कर मुर्दा मैदान जानेवाले रास्ते में झाड़ी में फेंक दिया. फिलहाल दोनों अभियुक्तों को सोमवार को जेल भेज दिया गया है.







