जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के डायग्नल रोड स्थित टेंपो स्टैंड पर खुलेआम शराबखोरी और असामाजिक गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने गुरुवार विशेष अभियान चलाया. स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत मिलने पर बिष्टुपुर पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. शराब पी रहे कई युवक मौके से अपनी बाइक और शराब की बोतलें छोड़कर भागते नजर आए. पुलिस ने कई युवकों को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की, वहीं कुछ की मौके पर ही पिटाई भी की गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि टेंपो स्टैंड के पास शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जहां शराब पीने और आड़ेबाजी की घटनाएं आम हो गई थीं. इससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों, खासकर महिलाओं को काफी असुविधा होती थी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की कार्रवाई के दौरान युवकों में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग अपनी बाइक, स्कूटर और शराब की बोतलें वहीं छोड़कर भाग निकले. पुलिस ने कुछ वाहनों को जब्त भी किया है और शराब की कुछ बोतलों को भी बरामद किया है. पुलिस ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. टेंपो स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर शराब पीना कानूनन अपराध है. आगे भी इस तरह के स्थानों पर नियमित गश्ती और कार्रवाई जारी रहेगी.




