जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं के बीच सोनारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कदमा निवासी मो आरजू और बिष्टुपुर निवासी मो वसीम के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को घटना में प्रयुक्त स्कूटी और छिनतई किए गए सामान के साथ पकड़ा है. शुक्रवार को दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, 23 जून को सोनारी थाना क्षेत्र के जी रोड में पैदल जा रही महिला रोसलिन राज से झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया गया था. रोसलिन राज टेल्को की रहने वाली हैं और टीचर ट्रेनिंग कर घर लौट रही थीं. घटना के बाद उन्होंने सोनारी थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. (नीचे भी पढ़ें)

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गयी. इसके बाद छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. जांच में यह भी सामने आया कि मो आरजू का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस इस गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण सफलता मान रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में स्नैचिंग की घटनाओं पर कुछ हद तक अंकुश लगने की उम्मीद है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि पिछले दो महीनों से शहर में स्नैचरों का आतंक बढ़ा हुआ है. इस अवधि में करीब 25 महिलाओं को निशाना बनाकर छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया गया है. अपराधी राह चलती महिलाओं को टारगेट कर पर्स, मोबाइल और अन्य सामान छीनकर फरार हो रहे हैं. कुछ दिन पहले सिदगोड़ा इलाके में पुलिस ने एक स्नैचर को हाफ एनकाउंटर में भी पकड़ा था, लेकिन इसके बावजूद शहर में स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. लगातार हो रही वारदातों से महिलाओं में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है.







