जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह पेट्रोल पंप के पीछे सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे पुलिस ने शराब पी रहे दो व्यक्तियों को पकड़ लिया. पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान विलियम और रॉबर्ट के रूप में हुई है. पुलिस की कार्रवाई के दौरान विलियम के पास से एक हथियार और कारतूस बरामद किए जाने की बात सामने आई है. जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति पेट्रोल पंप के पीछे बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उनके पास हथियार मौजूद है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद और टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज सादे लिबास में मौके पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान विलियम के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए. इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया. पुलिस बरामद हथियार और कारतूस के संबंध में जांच कर रही है. अधिकारियों द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार दोनों के पास कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि में किया गया है या नहीं. साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.




