जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना 12 मार्च को नामदा बस्ती में हुई थी. जानकारी के अनुसार नामदा बस्ती निवासी ऋषि तिवारी पर चाकू से हमला किया गया था. इस मामले में पुलिस ने आरोपी भागीरथ तिवारी उर्फ लोटन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के कारण आरोपी ने ऋषि तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. घटना के बाद घायल युवक के परिजन डेजी तिवारी उर्फ डेजी देवी ने आरोपी भागीरथ तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. बताया जाता है कि आरोपी घायल युवक का चाचा है और पारिवारिक विवाद के कारण यह घटना हुई. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.







