
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र से एक युवती को शादी की नियत से भगा ले जाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. परसुडीह थाना की पुलिस टीम ने गुजरात के सूरत में दबिश देकर मुख्य आरोपी 24 वर्षीय सचिन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के चंगुल से युवती को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है. शनिवार को पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले की पृष्ठभूमि पर गौर करें तो यह पूरा प्रकरण 05 अप्रैल 2025 को शुरू हुआ था. जमशेदपुर के परसुडीह हरहरगुटू कीताडीह पश्चिम निवासी एस प्रसाद ने थाने में लिखित आवेदन देकर अपनी पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)
उन्होंने आरोप लगाया था कि पवन शर्मा का पुत्र सचिन शर्मा उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर भगा ले गया है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी. घटना के बाद से ही आरोपी अपनी पहचान छिपाकर दूसरे राज्यों में शरण ले रहा था. थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी का सुराग जुटाया. सुराग मिलते ही पुलिस टीम गुजरात के सूरत पहुंची. 21 मार्च को सूरत के नवागम, सिंदरौली थाना क्षेत्र के जमुना पार्क सोसाइटी स्थित एक प्लॉट से सचिन शर्मा को दबोच लिया गया. पुलिस ने आरोपी के पास से वह एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद किया है, जिसका उपयोग उसने घटना के दौरान किया था. गिरफ्तार आरोपी सचिन शर्मा मूल रूप से मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के टेंटरा थाना अंतर्गत बोहरे का पूरा कैमरा कलन का रहने वाला है. वह वर्तमान में सूरत में संतोषी भवन के पास रह रहा था. इस सफल छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी अविनाश कुमार के साथ पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार, आरक्षी सुधीर कुमार और महिला आरक्षी रानी पूर्ति मुख्य रूप से शामिल थे. पुलिस अब बरामद युवती का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.



