जमशेदपुर : राज्य सरकार के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त झारखंड’ अभियान के तहत सोमवार को बागबेड़ा थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई. रैली बागबेड़ा थाना से शुरू होकर मजार रोड, स्टेशन चौक, बस स्टैंड समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी. रैली का नेतृत्व लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी अमित कुमार ने किया. इसमें बागबेड़ा थाना सहित आसपास के विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए. (नीचे भी पढ़ें)
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन, खरीद-बिक्री और तस्करी से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया. डीएसपी ने कहा कि समाज को नशे की गिरफ्त से मुक्त करने के लिए आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि ड्रग्स के खिलाफ सभी एकजुट होकर आवाज उठाएं और नशामुक्त जीवन का संकल्प लें. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देश पर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है. शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी अभियान चलाया जाएगा. नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. डीएसपी ने लोगों से अपील की कि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें.



