
जमशेदपुर : झारखंड पुलिस के महानिदेशक के आदेश के आलोक में किस कदर जमशेदपुर में चेकिंग के नाम पर भयादोहन और अत्याचार हो रहा है, यह जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र में देखने को मिला. वर्दी पहने पुलिसवालों ने खुद गुंडागर्दी पर उतारू हो गये. गोविंदपुर थाना क्षेत्र का यह मामला है. गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गिट्टी मशीन एरिया के पास पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया था. इस चेकिंग के दौरान हेलमेट पहनकर रोहित ठाकुर नामक युवक जा रहा था.
इसी बीच पुलिस ने उसको हाथ देकर रोका. युवक ने गाड़ी रोकी. पुलिस ने कहा कि कागजात दिखाओ, तो युवक ने कहा कि कागजात लेकर वह नहीं चल पाया है. लिहाजा, वह घर से कागजात लाने की बात कहीं. वहां मौजूद ऑफिसर को युवक का यह जवाब पसंद नहीं आया, जिसके बाद उसकी लाठियों से पिटाई कर दी. इस पिटाई से वह घायल हो गया तो सिर पर भी लाठी से युवक को घायल कर दिया.
युवक का सिर फट गया और खून निकलने लगा, जिसके बाद भीड़ जमा हो गयी और पुलिस का विरोध की. इसके बाद चेकिंग बंद कर पुलिस गोविंदपुर थाना पहुंची, जहां लोगों की भीड़ जुट गयी और हंगामा करने लगे. लोग आरोपी पुलिसवालें पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे है.





