
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा साहेब बांध के पास से एक कार पर सवार चार लोगों को पुलिस ने मंगलवार की रात करीब साढ़े 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया. दोनों यानी गोविंदा डे और छोटू बाबा धाम से जल चढ़ाकर अपने घर जमशेदपुर लौट रहे थे. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक दोनों एक अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े हुए है. कार पर कुल कितने लोग सवार थे इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पायी है. गुप्त सूचना के आधार पर बहरागोड़ा थाना प्रभारी सनतन तिवारी, श्यामसुन्दरपुर थाना प्रभारी दिलीप बिलुंग, कमलपुर थाना प्रभारी धीरंजन कुमार एवं पटमदा थाना प्रभारी रणजीत कुमार सिंह देर रात छापेमारी अभियान में शामिल थे. दोनों आरोपी जिस कार (फोर्ड) पर सवार थे, उसे कमलपुर थाना में रखा गया है. (नीचे भी पढ़ें)

सूत्र बताते हैं कि पुलिस इसे बड़ी उपलब्धि मान रही है. देर रात जमशेदपुर में छापेमारी के दौरान और भी कुछ लोगों के पकड़ाने की सूचना है. गौरतलब है कि पिछले दिनों घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र से एक बोलेरो वाहन की चोरी हुई थी जिसके बाद वहां की पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जमशेदपुर के एक चोर गिरोह का पता लगाया था जिसमें 5 की संख्या में लोग शामिल हैं. गिरोह के लोग झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की चोरी के साथ-साथ सबमर्सिबल पंप की भी चोरी करते थे. पिछले माह पटमदा थाना क्षेत्र के बेलटांड़ बिरसा चौक से भी एक बोलेरो वाहन की चोरी कर ली गई थी जबकि क्षेत्र के कई लोगों के सबमर्सिबल की भी चोरी हो चुकी है. इस मामले में संभवतः बुधवार को ही जमशेदपुर जिले के एसएसपी प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा कर सकते हैं. फिलहाल पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है.




