
जमशेदपुर : जमशेदपुर में मोबाइल बैंक की शुरुआत होने के बाद सोमवार को एसएसपी डॉ एम तमिल वानन ने जिले के सभी थानेदार समेत पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की. यह बैठक बिष्टुपुर थाना परिसर स्थित मल्टीपरपस हॉल में आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में मोबाइल बैंक पर फोकस करना था. जिले में जो बच्चे स्मार्टफोन ना होने पर कोरोना महामारी के दौरान ऑनलाइन क्लास नही कर पा रहे है उन बच्चों के लिए पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने एक मोबाइल बैंक खोला है. इस मोबाइल बैंक की खासियत ये है कि इसमें जमा हुए मोबाइल वैसे गरीब बच्चों को दिए जायेंगे जो स्मार्टफोन ना होने की वजह से पढ़ नहीं पा रहे है. यदि किसी के पास ऐसा स्मार्टफोन या टैबलेट जो आपके उपयोग में नहीं है और चालू है उन्हे साकची थाना परिसर स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम या फिर अपने नजदीकी थाना में जमा कर सकते है. मोबाइल जमा करने वालों को इसकी रसीद भी दी जाएगी. इसके अलावा मंथली क्राइम मीटिंग भी की गई जिसमे एसएसपी ने कई सारे निर्देश भी दिए.





