
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री एवं झामुमो नेता स्वर्गीय रामदास सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर शनिवार को टेल्को स्थित खड़ंगाझाड़ चौक पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया. इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्यों के अलावा मंत्री, विधायक, पार्टी नेता और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम में रामदास सोरेन के बेटे सोमेश सोरेन, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हुए. प्रतिमा अनावरण के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

समारोह में मंत्री दीपक बिरुवा के अलावा विधायक समीर महांती, सबिता महतो, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार मौजूद रहे. झामुमो नेता कुणाल सारंगी ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया. नेताओं ने स्वर्गीय रामदास सोरेन के साथ बिताए समय और उनके जनसेवा से जुड़े कार्यों को स्मरण किया. गौरतलब है कि रामदास सोरेन का निधन पिछले वर्ष 15 अगस्त को दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था. उनकी पहली पुण्यतिथि पर खड़ंगाझाड़ चौक में प्रतिमा का अनावरण उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भावुक अवसर रहा. कार्यक्रम के माध्यम से परिवार, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.




