जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा पुलिस ने कस्तूरबा आश्रम के पास फायरिंग मामले में 24 घंटे में उदभेदन कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है. गिरफ्तार किए गए लोगों में फायरिंग करने वाले आजाद भुईयां उसके पिता शुरू भुइयां, संजय गुप्ता और कैलाश पांडेय शामिल है. पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और एक स्कूटी जब्त की है. सोमवार को इसकी जानकारी सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने एक प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि सभी कस्तूरबा आश्रम के पास जुआ खेल रहे थे. इसी बीच बेईमानी को लेकर बीच बहस हुई जिसमें आजाद भुईयां ने पिस्टल निकालकर बिल्टी सूत्रधार पर फायरिंग कर दी थी.

इस मामले में बिल्टी सूत्रधार घायल हो गया था जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया. पुलिस को पूछताछ में जानकारी हुई है कि शुरू भुईयां और आजाद भुईयां पूर्व में मारपीट के मामले में जेल जा चुके हैं. वहीं संजय गुप्ता हत्या के मामले में जेल जा चुका है. कैलाश पांडेय का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है. ज्ञात हो कि सीतारामडेरा थाना अंतर्गत कस्तूरबा आश्रम के पास जुआ खेलने के दौरान फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें बिल्टी सूत्रधार घायल हो गया था. छापेमारी दल में सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, डीएसपी हेड क्वार्टर वन पवन कुमार, सीतारामडेरा थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिदगोड़ा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर, पीएसआई विश्वनाथ कुमार राणा, पीएसआई धर्मेंद्र कुमार अग्रवाल, पीएसआई संजय यादव, पीएसआई टिंकू कुमार वर्मा, पीएसआई पवन कुमार, पीएसआई गुलशन बिरुआ, पीएसआई रविंद्र मुंडा, पीएसआई पिंकी प्रियंका हेंब्रम और पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे.







