जमशेदपुर : जमशेदपुर की पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां पुलिस ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जहां पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. इस मामले में दो अपराधकर्मियों में मनीष कुमार उर्फ अभय कुमार (34) और दीपराज कुमार भट्टाचार्य उर्फ सोनू की गरफ्तारी बोकारो के चास थाना क्षेत्र से, एक दिनेश कुमार की गिरफ्तारी आसनसोल से और एक अपराधी मंतोष कुमार महली की गिरफ्तारी रांची से हुई है. वहीं इनके पास से इंडियन आर्म फोर्स के 2 फेक आइडी कार्ड, एक आधार कार्ड, 3 डेबिट कार्ड, 1 पैन कार्ड, एक वैगनार कार, इंडियन आर्मी का स्टैंप, पिस्तल (टॉय गन), गोली बरामद की गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

गुरुवार को एसएसपी कौशल किशोर ने ठगी के मामले में प्रेस कांफेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जून के महीने में रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के शिकार हुए भुक्तभोगी ने बिष्टुपुर थाने में शिकायत दर्ज करायी थी. इसी मामले में छापेमारी दल का गठन किया गया. जिसमें लगातार अनुसंधान किया जा रहा था. इस मामले में आर्मी का सहयोग भी मिला. ये सभी अपराधकर्मी फर्जी गिरोह चला रहे थे. युवाओं को भारतीय सेना में चीफ इंजीनियर समेत अन्य सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया जाता था. वे लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें नौकरी दिलवाने का वादा कर रुपये की उगाही करते थे. ये सभी बहुत कम पैसा आनलाइन लेन देन करते थे और बाकी के पैसे कैश लेते थे. 2022 से अब तक इनके बैंक खाते से कुल 2 करोड़ रुपये की लेन देन की गयी है. उन्होंने बताया कि कैडिडेट को फर्जी रिपोर्टिंग लेटर दिया गया और उन्हें प्रशिक्षण पर भी भेजा गया और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दी जाती थी. इस मामले में एक अभ्यर्थी को एसबीआइ में फर्जी नौकरी दिलायी गयी, जिसमें बाद में खुलासा हुआ की नौकरी फर्जी है. इस मामले में कई जिलों से पैसे की उगाही की गयी थी. अन्य की गिरफ्तारी की जांच चल रही है. फिलहाल चारो को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.














