जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है. मामले में कपाली लिंक रोड निवासी 66 वर्षीय नौशाद आलम ने 3 जुलाई की शाम अपने घर से एसी का कॉपर ट्यूब, बिजली का तार, एक्सटेंशन कॉर्ड समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर आजादनगर थाना में मामला दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी कपाली लिंक रोड खुशबूनगर के रहने वाले मोहम्मद आमिर (19 वर्ष) को चोरी गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. (नीचे भी पढ़ें)
उसने यह भी बताया कि वह पहले भी मोहल्ले से बर्तन, रसोई का सामान और राशन जैसी वस्तुओं की चोरी करता रहा है. आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है. उसके खिलाफ साकची थाना में भी मामला दर्ज है. गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही.







